भागलपुर में मंगलवार की शाम 2 समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। एक समुदाय की तरफ से छत पर चढ़कर पत्थरबाजी की गई, जिसमें 4 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान पटना के पारस अस्पताल में पूर्व वार्ड सदस्य की मौत हो गई।

मृतक की पहचान सन्हौला थाना क्षेत्र के महेशपुर बिंद टोला निवासी मनोज कुमार महतो(38) के रूप में हुई है। घटना के दिन वह बीच-बचाव करने गए थे, इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

गांव में तनाव का माहौल

पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव में लाया गया है। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हालात को संभाल लिया। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दंगा नियंत्रण की टीम भी मौजूद है। अंचल अधिकारी और वरीय पदाधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं। मौके पर मौजूद डीएसपी ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। परिजन और ग्रामीण भी कुछ बोलने से बचते रहे।

पुलिस जांच कर रही है

इस संबंध में SSP हृदयकांत ने कहा कि एक लोग की मौत हुई है। गांव में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। सब कंट्रोल में है।

पिटाई के बाद बढ़ा बवाल

ग्रामीणों के मुताबिक एक समुदाय के लोगों ने पहले 2 नाबालिगों पीट दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पूर्व वार्ड पार्षद पर भी हमला कर दिया गया, जिसके बाद दोनों समुदाय आमने-सामने हो गए। थोड़ी ही देर बाद दोनों समुदायों के करीब 500 से ज्यादा लोग सड़क पर उतर आए।