दरभंगा के बिरौल में शिक्षिका का संदेहास्पद शव मिलने से सनसनी, पीड़ित परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के नगर पंचायत बिरौल के जीरो माइल के निकट एक खेत में शिक्षिका का शव संदेहास्पद स्थिति में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना शनिवार की है, जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मृतका की पहचान कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के भिंडुआ निवासी प्रमोद साह की पुत्री पुष्पा कुमारी के रूप में हुई है। वह गौड़ा बौराम प्रखंड अंतर्गत गनौनी में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया जाता है कि पुष्पा के पति भी सीतामढ़ी के किसी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वालों ने मिलकर पुष्पा की हत्या कर दी है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी प्राप्त कर थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए। एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज के खातिर इनकी पुत्री की हत्या कर दी गई है। एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य विंदुओं पर पुलिस जांच करने के बाद अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी। इधर घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल वाले फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। थानाध्यक्ष चन्द्रमणि ने कहा कि पीड़ित परिवार के द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी। इधर घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार के लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क को जाम कर दोषी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के समझाने के बाद जाम को हटा दिया गया।