गौड़ा बौराम विधानसभा से महागठबंधन में टिकट को लेकर खींचतान,डॉ. नागेश्वर पंजियार के नाम को लेकर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चर्चाओं का बाजार है गर्म

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

दरभंगा जिले की गौड़ा बौराम विधानसभा सीट पर महागठबंधन के संभावित प्रत्याशी के नाम को लेकर रहस्य बरकरार है, जिसने कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
महागठबंधन के समर्थक एक तरफ डॉ. नागेश्वर पंजियार को इस क्षेत्र के लिए एक सुयोग्य उम्मीदवार मान रहे हैं। समर्थकों का मानना है कि उनकी उम्मीदवारी क्षेत्र में महागठबंधन की स्थिति को मजबूत कर सकती है।
हालांकि, राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी बात सामने आ रही है, जो इस समीकरण को उलझा रही है। सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन का एक मजबूत घटक दल वीआईपी (VIP) इस सीट से अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।
वीआईपी पार्टी की ओर से गौड़ा बौराम विधानसभा सीट पर दावेदारी ने महागठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे पर सस्पेंस बढ़ा दिया है। हालांकि, वीआईपी की ओर से संभावित उम्मीदवार के नाम का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है।
यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि गौड़ा बौराम विधानसभा सीट अंततः किस घटक दल के खाते में जाएगी और वीआईपी का उम्मीदवार कौन होगा।
बावजूद इसके, गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के समर्थकों का एक बड़ा वर्ग अभी भी डॉ. नागेश्वर पंजियार को ही अपने आदर्श उम्मीदवार के रूप में देख रहा है। उनकी दावेदारी पर कार्यकर्ताओं का उत्साह सीट शेयरिंग के अंतिम फैसले तक बना रहने की उम्मीद है।