नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया प्रोग्राम में भागलपुर उर्दू बाजार बिक्रमशिला कॉलोनी निवासी स्वीटी कुमारी ने भागलपुर सहित पूरे बिहार का प्रतिनिधित्व किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने उद्यमी स्वीटी कुमारी से उसके कंपनी की ओर से उत्पादित उत्पाद के विषय में विस्तृत जानकारी हासिल की और जब उद्यमी ने बताया कि उसके सारे उत्पाद पूरी तरह से ऑर्गेनिक ढंग से तैयार किए जाते हैं और पूरी शुद्धता के साथ लोगों के घरों तक पहुंचाया जाता है, तो प्रधानमंत्री ने लोगों के स्वास्थ्य के लिए इसे बेहतर बताते हुए, स्वीटी और उसके कंपनी अंग प्रदेश होम प्राइवेट लिमिटेड को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामना दी।
बिहार का प्रतिनिधित्व स्वीटी कुमारी ने किया
प्रधानमंत्री ने आज देश के पांच उद्यमियों से संवाद स्थापित किया, जिसमें बिहार का प्रतिनिधित्व स्वीटी कुमारी ने किया। प्रधानमंत्री से भागलपुर के उद्यमी स्वीटी कुमारी की ओर से संवाद किए जाने को लेकर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी और उद्योग विभाग की जीएम खुशबू कुमारी ने इसे भागलपुर जिले के लिए गर्व की बात कही है।
महिला ने कहा है कि गर्व की बात है।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमी स्वीटी कुमारी से जिला के जीविका दीदी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है कि किस तरह वे खुद के प्रयास से आगे बढ़ते हुए आज इस मुकाम तक पहुंची हैं। हम आपको बता दें कि भागलपुर के नाथनगर मनसर में उद्यमी स्वीटी कुमारी का अपना फर्म “अंग प्रदेश होम प्राइवेट लिमिटेड ” कार्यरत है, जिसमें पूरी तरह ऑर्गेनिक ढंग से सरसों तेल, सत्तू, बेसन,आटा,कतरनी चावल और चूड़ा तैयार किया जाता है।
2 लाख 16 हजार महिलाओं के खाते में 10 हजार
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिले की 2 लाख 16 हजार महिलाओं के खाते में ₹10,000 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इसके लिए टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान टाउन हॉल में उपस्थित महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद भी ऑनलाइन माध्यम से सुना।
पीएम के संबोधन को सुनकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। खाते में राशि आने का संदेश जैसे ही मोबाइल पर पहुंचा, टाउन हॉल तालियों से गूंज उठा। महिलाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस राशि से वे रोजगार के नए साधन खड़ी करेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।
महिला सुनीता देवी ने कहा अब हमें किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने हमें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है। दूसरी महिला बबीता ने कहा हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आभारी हैं और चाहेंगे कि वे आगे भी बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें।
महिलाओं का उत्साह और प्रधानमंत्री के संवाद से मिली प्रेरणा इस योजना को और प्रभावी बनाती है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना न केवल आर्थिक सहयोग दे रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।
