दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा जिले की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा पर्व है। जिसे शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने निर्देश दिया कि एसओपी शर्तों के अनुरूप मूर्ति विसर्जन के मार्ग और समय का निर्धारण पूर्व से ही कर लिया जाए। सभी पूजा पंडालों से कम से कम 20 स्वयंसेवकों की सूची पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों को थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक हर हाल में आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर एवं महाराजगंज को पूजा समितियों के साथ विशेष बैठक करने को कहा।

 

उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने, आपत्तिजनक सामग्रियों पर त्वरित कार्रवाई करने और साइबर सेनानियों को हर समय सक्रिय रहने का निर्देश दिया। नदियों में बढ़े जलस्तर के कारण विसर्जन स्थल पर विशेष सतर्कता, आवश्यकतानुसार ड्रोन कैमरे का प्रयोग तथा भीड़ नियंत्रण पर बल दिया गया।डीएम ने पंडालों में अग्नि सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था जैसे बालू भरे बोरे, पानी, अग्निशमन उपकरण आदि हर हाल में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

आपत्तिजनक कार्टून या पोस्टर नहीं लगेंगे कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को पंडालों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

बिजली के ओपन तार पर रोक लगाने, विधिवत कनेक्शन लेने और किसी भी स्थिति में आपत्तिजनक कार्टून या पोस्टर नहीं लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बॉन्ड डाउन की कार्रवाई और व्यापक पैमाने पर सीसीए प्रस्ताव भेजने का आदेश भी दिया गया।पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने, फ्लैग मार्च निकालने और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि 25 सितंबर तक सभी पूजा पंडालों का लाइसेंस निर्गत कर दिया जाए। गुंडा परेड आयोजित करने, उपद्रवियों एवं संदिग्धों पर पैनी नजर रखने तथा होटलों-लॉजों की नियमित जांच करने का आदेश दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की जाए और रोड फ्लैग मार्च नियमित रूप से निकाला जाए और रोको-टोको अभियान चलाकर वाहन चेकिंग सुनिश्चित की जाए।