जदयू जिलाध्यक्ष पर सौतेले व्यवहार का आरोप, विधि प्रकोष्ठ में आक्रोश ,अगर रवैया यही रहा तों शीर्ष नेतृत्व से करेंगे शिकायत।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार चौधरी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चौधरी ने कहा कि पार्टी की जिला इकाई द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम की सूचना विधि प्रकोष्ठ को नहीं दी जाती, जबकि विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सीधे जनता से जुड़े रहते हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जिलाध्यक्ष का यह रवैया पार्टी हित में नहीं है। एक जिम्मेदार जिलाध्यक्ष का कर्तव्य है कि सभी प्रकोष्ठों को समय रहते कार्यक्रमों की जानकारी दी जाए, ताकि संबंधित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।”

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना तक विधि प्रकोष्ठ को नहीं दी गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिलाध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ को दरकिनार कर रही हैं और इसे संगठन का अंग मानने से कतरा रही हैं।

शीर्ष नेतृत्व को भेजेंगे शिकायत

विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह सौतेलापन और उपेक्षा का रवैया जारी रहा तो वे इसकी लिखित शिकायत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।

बेनीपुर सम्मेलन का जिक्र

सुशील कुमार चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में बेनीपुर में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भी जिला अध्यक्ष ने विधि प्रकोष्ठ को अपमानित करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि इस रवैये से प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है और यह पार्टी की संगठनात्मक एकता को प्रभावित कर सकता है।