मंडल कारा का निरीक्षण, कैदियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री शिव गोपाल मिश्र ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी के साथ मंडल कारा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने जेल की विधि-व्यवस्था, कैदियों के रहन-सहन, भोजन, चिकित्सा सुविधा, शिक्षा एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसी व्यवस्थाओं को माननीय उच्च न्यायालय पटना एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

सचिव आरती कुमारी ने कैदियों से विस्तृत पूछताछ करते हुए निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी साझा की और कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर जेल लीगल एड क्लिनिक में प्रतिनियुक्त पैनल अधिवक्ता अथवा पीएलवी को सूचित करें।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम ने कहा कि सभी बंदियों को परिवार से मिलने का अधिकार है। जिन कैदियों के पास परिवारजन नहीं आते, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मदद लेनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान लीगल एड डिफेंस की असिस्टेंट अंकुर प्रिया, उपाधीक्षक श्रीमन नारायण हिमांशु, सहायक अधीक्षक नंदू चौधरी और अमित कुमार झा भी मौजूद थे।