पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर अलीनगर विधानसभा में भाजपा का कार्यक्रम, दिलीप झा ने ली सदस्यता

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, अलीनगर।

भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर दरभंगा पूर्वी सांगठनिक जिला के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के तारडीह पश्चिमी मंडल, पुतई वार्ड 3 स्थित ब्रह्म स्थान प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष पंकज कंठ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
जयंती समारोह में दरभंगा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान और जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ “पप्पू सिंह” ने शिरकत की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री पासवान ने कहा कि “व्यक्ति से ज़्यादा उसका व्यक्तित्व बड़ा होता है।” उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को एक अदभुत महापुरुष बताया। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी ने ही “व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण” का दर्शन दिया।
उन्होंने एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को नमन करते हुए उन्हें प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, उत्कृष्ट संगठनकर्ता, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय दर्शन का प्रणेता बताया।
जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह “पप्पू सिंह” ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का ‘एकात्म मानववाद’ केवल एक राजनीतिक दर्शन नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास का सिद्धांत है। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी का ‘अंत्योदय’ का संकल्प हमें समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितों और ज़रूरतमंदों के उत्थान के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने दीनदयाल जी को “सरलता और सादगी की प्रतिमूर्ति” बताते हुए कहा कि उनका जीवन परिश्रम और पुरुषार्थ का पर्याय था। संजय सिंह ने उन्हें एक कुशल संगठक और मौलिक चिंतक बताया, जिनके संस्कारों में सामाजिक सरोकार एवं संवेदना रची-बसी थी। उन्होंने कहा, एक राजनेता होते हुए भी उन्होंने जीवन के सभी पक्षों पर गहन चिंतन किया और इस नाते वे “एक राजनेता से अधिक राष्ट्र-ऋषि थे।”
आगे उन्होंने कहा कि आज उन्हीं के दिखाए पथ पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर चलकर समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों के हित में सैकड़ों कल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं, जिससे एक मज़बूत भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का ज़िक्र करते हुए कहा कि इससे 80 करोड़ लोगों को उनके घरों में राशन मिल रहा है।
इस जयंती समारोह का एक प्रमुख आकर्षण रहा श्री दिलीप कुमार झा का भाजपा में शामिल होना। श्री झा, जो पहले कांग्रेस के कार्यकर्ता और घनश्यामपुर प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष थे, ने मंच पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष विनय पासवान जी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता ग्रहण करने के बाद दिलीप झा ने कहा कि वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रेरणा से प्रेरित होकर आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुधा देवी, मंत्री शिला पासवान, अतिपिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकरण दास, विधानसभा संयोजक सुजित चौधरी, प्रभारी राहुल कर्ण, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चंदन सिंह, शिवशंकर झा, बलराम सिंह, बलराम झा, रामदत्त पासवान, प्रेम शंकर झा, जयप्रकाश कंठ, सुनील कुमार झा, रंजीता देवी, बबीता देवी, गीता देवी, श्यामा देवी, सावित्री देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।