दरभंगा के विद्यालयों में “स्वच्छता ही सेवा अभियान” का आयोजन, गूँजे नारों से पूरा शहर,

नदियों-तालाबों की स्वच्छता में जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुंजन कुमार 

जिला पदाधिकारी–सह–अध्यक्ष जिला गंगा समिति कौशल कुमार के निर्देश पर बुधवार को दरभंगा जिले के विभिन्न प्रखंडों के 100 विद्यालयों में “स्वच्छता ही सेवा–2025” अभियान के तहत स्वच्छता पर आधारित कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

श्रमदान से लेकर रैली तक उत्साह का माहौल

अभियान की शुरुआत विद्यालय परिसरों और आसपास के इलाकों में श्रमदान से हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पास के नदी-तालाबों के किनारों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद छात्रों ने रंग-बिरंगे बैनर और प्रभावशाली नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली।
नारे गूंजे –
• “स्वच्छ जल, स्वस्थ कल—आओ करें सब मिलकर हल।”
• “नदियाँ बोलें साफ़-साफ़, कचरा फेंकना करो माफ़।”
• “प्रकृति के दुश्मन तीन—पाउच, पन्नी, पॉलीथिन।”

प्रतियोगिताओं में झलकी प्रतिभा

विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। बच्चों ने “जल स्रोतों की स्वच्छता” विषय पर शानदार प्रस्तुति दी। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

गंगा स्वच्छता शपथ के साथ समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से गंगा स्वच्छता शपथ ली और संकल्प लिया कि वे नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों की सफाई व संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।

जिला गंगा समिति की पहल

परियोजना अधिकारी श्री फारूक इमाम ने बताया कि यह अभियान नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा – “स्वच्छ जल ही स्वस्थ भविष्य की नींव है। समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही यह लक्ष्य संभव है।”