दरभंगा में हादसा: पानी टंकी से गिरकर बिजली मिस्त्री की मौत

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित वाटरवेज कॉलोनी में सोमवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। दुर्गा पूजा को लेकर बिजली सजावट का कार्य कर रहे एक युवक की पानी टंकी से गिरकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान बहादुरपुर निवासी अशोक कमती का 28 वर्षीय पुत्र श्याम सुंदर कमती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह बिजली मिस्त्री का काम करता था। दुर्गा पूजा के अवसर पर गोविंदपुर राम जानकी मंदिर परिसर में झालर बत्ती लगाने के लिए वह वाटरवेज कॉलोनी स्थित पानी टंकी पर चढ़ा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना  पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक की तबीयत खराब रहने के कारण प्रोपराइटर पप्पू कुमार ने उसे पहले ही काम से हटा दिया था। बावजूद इसके वह बिना बताए पानी टंकी पर चढ़ गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।