भागलपुर में ABVP ने किया हंगामा, यूनिवर्सिटी कैंपस में धरने पर बैठे।
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर के कई विभागों को बंद करा दिया। इसके बाद प्रशासनिक भवन के अंदर धरना पर बैठ गए। छात्रों का आरोप है कि टीएमबीयू में पढ़ाई करने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को न तो समय पर प्रमाण पत्र मिल रहा है और न ही क्लासरूम में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कक्षाओं में बिजली-पंखे तक की व्यवस्था नहीं है। मूल प्रमाण पत्र के लिए महीनों तक दौड़ने के बावजूद निराशा हाथ लग रही है। पैसे लेकर कुछ छात्रों को डिग्री या मूल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। बाकी छात्रों को महीनों तक भटकना पड़ता है। इससे नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया और कई विभागों को बंद करा दिया। इस दौरान गेट तोड़ने की कोशिश भी की गई, हालांकि मौके पर सुरक्षाकर्मियों ने हालात संभाला। प्रोटेस्ट करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता।
प्रोटेस्ट करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता छात्र परेशान हैं, कोई सुनने को तैयार नहीं धरना पर बैठे छात्रों का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के कार्यकर्ता कुणाल पांडे ने कहा कि समय पर डिग्री नहीं दी जा रही है। सिर्फ दो दिन शेष है, लेकिन अब तक बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। पैसे लेकर डिग्री देना और प्रक्रिया को जानबूझकर विलंब करना गंभीर अनियमितता है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द होगा समस्या का समाधान वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं को स्वीकार करते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। कुलसचिव (रजिस्ट्रार) रामाशीष पूर्वे ने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक कर छात्रों की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसी भी छात्र को सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। किसी प्रकार की अनियमितता विश्वविद्यालय प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा।
