मंत्रोच्चार संग कलश स्थापना, मां शैलपुत्री की पूजा।
कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड में सोमवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत विधिवत कलश स्थापना के साथ हुई। पंचांग के अनुसार सुबह 6:09 से 7:40 बजे तक का शुभ मुहूर्त रहा, हालांकि ब्राह्मणों ने पूरे दिन को कलश स्थापना के लिए शुभ बताया।

नवरात्र की तैयारी को लेकर रविवार से ही बाजारों में रौनक रही। पूजा सामग्री, पुष्प, फल और मिष्ठान की खरीदारी के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रखंड मुख्यालय से लेकर गांव-गांव तक पूजा पंडालों और घरों में मां दुर्गा के तैलचित्र स्थापित किए गए।

पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विशेष महत्व होता है। ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों के साथ सप्तशती पाठ शुरू किया। उनका कहना है कि मां शैलपुत्री के व्रत से भक्तों के कष्ट व दुख दूर होते हैं। देर शाम तक व्रती पूजा-अर्चना व खरीदारी में जुटे रहे। पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा।