आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विभिन्न थाना परिसरों में शांति समिति की बैठकें आयोजित
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न अनुमंडलों और थाना परिसरों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं।
कमतौल अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिंहवाड़ा प्रखंड में सीओ एवं थानाध्यक्ष, बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्ष बिरौल तथा बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व बहेड़ा थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठकें सम्पन्न हुईं।
इन बैठकों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पूजा समिति के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही पूजा पंडालों, जुलूस और विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
इसी प्रकार जिले के नदी थाना, लेहरियासराय थाना, पतोर थाना, कुशेश्वरस्थान थाना, कोतवाली थाना, यूनिवर्सिटी थाना, जमालपुर थाना एवं भालपट्टी थाना परिसरों में भी थानाध्यक्षों की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठकें आयोजित हुईं।
