श्रम अधिकार दिवस पर दरभंगा में आयोजित हुआ एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

श्रम अधिकार दिवस के अवसर पर उप श्रमायुक्त कार्यालय सभागार, दरभंगा में रविवार को एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से उप श्रमायुक्त राकेश रंजन, पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार (बहादुरपुर), ईएसआईसी दरभंगा के सोशल सिक्युरिटी ऑफिसर अमित कुमार तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

श्रमिकों को अधिकार और योजनाओं की जानकारी

उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने स्वागत भाषण में जिले के विभिन्न पंचायतों से आए महिला व पुरुष श्रमिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को श्रम अधिनियम एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे इस ज्ञान को अपने पंचायत स्तर तक फैलाएं और कम से कम 100 लोगों को इन योजनाओं से अवगत कराएं।

उन्होंने बाल श्रम की रोकथाम पर जोर देते हुए कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

न्यूनतम मजदूरी की दर की जानकारी

कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त ने 1 अप्रैल 2025 से लागू नई न्यूनतम मजदूरी दरों की जानकारी दी—
• अकुशल श्रमिक : ₹424 प्रतिदिन
• अर्द्धकुशल श्रमिक : ₹440 प्रतिदिन
• कुशल श्रमिक : ₹536 प्रतिदिन
• अतिकुशल श्रमिक : ₹654 प्रतिदिन
• पर्यवेक्षकीय/लिपिकीय कार्य : ₹12,112 प्रतिमाह

उन्होंने कहा कि यदि किसी नियोजक द्वारा कम भुगतान किया जाता है तो श्रमिक लिखित शिकायत श्रम अधीक्षक या श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के पास कर सकते हैं।

महिला शक्ति की भूमिका पर जोर

पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम है। महिलाएं ही बच्चों को काम करने से रोककर उन्हें शिक्षा की ओर प्रेरित कर सकती हैं। उन्होंने श्रमिकों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण से मिली जानकारी को अपने परिवार और समाज में साझा करें।

लाभुकों को मिला सहायता राशि का चेक

शिविर के दौरान श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को विभिन्न योजनाओं के तहत सांकेतिक चेक भी वितरित किए गए। इनमें विवाह सहायता, पितृत्व व मातृत्व लाभ, वस्त्र सहायता अनुदान और बाल श्रम उन्मूलन हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष के चेक शामिल थे।

श्रमिकों में दिखा उत्साह

शिविर में भाग लेने वाले श्रमिकों ने कहा कि उन्हें यहां आकर अपने अधिकारों और योजनाओं की जानकारी मिली, जिससे वे बेहद उत्साहित और संतुष्ट हैं। श्रमिक प्रवर्तन पदाधिकारियों ने सभी आगंतुक श्रमिकों का निबंधन किया तथा योजनाओं से संबंधित पंपलेट और फोल्डर भी उपलब्ध कराए।