किशनगंज के कोचाधामन में राजद द्वारा आयोजित ‘महफिल ए मशवरा’ कार्यक्रम का आयोजन शनिवार शाम को किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की तादाद में राजद के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान राजद विधायक इजहार असफी ने अपनी दावेदारी को मजबूत किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। असफी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में मिले 80 हजार वोटों का जिक्र करते हुए इस बार एक लाख से अधिक वोट प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कोचाधामन से राजद का टिकट मिलने का दावा
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोचाधामन से राजद का टिकट उन्हें ही मिलेगा। उन्होंने कहा, टिकट को लेकर किसी भी प्रकार का कोई किंतु परन्तु नहीं है। इजहार असफी ने AIMIM में शामिल हुए राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष सरवर आलम पर प्रहार करते हुए कहा कि वो कल का आया हुआ हमारी हैसियत के बारे में बोलता है, हम उनकी पृष्ठभूमि जानते हैं।
विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार में कमी का दावा किया
उन्होंने अपने कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार में कमी का दावा किया। उन्होंने कहा, अब लोगो को विभागों में घुस नहीं देना पड़ता है। मेरे प्रतिनिधि, PA या फिर कार्यकर्ताओं ने किसी से एक रुपया नहीं लिया है। साथ ही तेजस्वी यादव के नेतृत्व में 17 महीने की सरकार में रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की।
‘NDA सरकार ने जनता को सिर्फ लूटने का काम किया’
उन्होंने NDA पर तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार ने जनता को सिर्फ लूटने का काम किया है। AIMIM पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा, AIMIM राजद के पास सीट मांगने आई थी इसके भी पीछे साजिश है।
विधायक प्रतिनिधि इम्तियाज असफी ने कोचाधामन विधानसभा को परिवार बताते हुए कहा कि पिछले 5 सालों में वे लोगों के सुख-दुख में साथ रहे हैं। राजद प्रखंड अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने इजहार असफी को सर्वधर्म समभाव वाला नेता बताया।
कार्यक्रम में विधायक इजहार असफी, राजद नेता इम्तियाज अशफी, दानिश इकबाल, शाहजाद कौसर, मजहरुल हक, इंजीनियर फरहान आलम, अमर पासवान और अय्यूब आलम सहित दर्जनों ने सरकार पर तंज कसा है।
