बिहार में एक बार फिर मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने और 40KM/H की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। पटना, बक्सर, छपरा, रक्सौल और बांका में तेज बारिश हुई है। राजधानी में सुबह से बादल छाए हुए थे। 10 बजे बाद अचानक बारिश शुरू हुई।

 

 

लगातार बारिश से पटना की सड़कों पर पानी भर गया है। सीवान के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के गंभीर गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से 40 साल की आशा देवी की मौत हो गई। चम्पा देवी की हालत गंभीर है। दोनों बकरी चरा रही थीं। इधर, वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 साल की मिंता देवी की मौत हुई है। कैमूर में भी आकाशीय बिजली से एक शख्स की मौत हुई है। बीते 24 घंटे में पटना, सुपौल, नालंदा, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और छपरा में बारिश हुई। पटना में दिनभर मूसलाधार बारिश होने के बाद कई इलाकों में जलजमाव हो गया। वहीं, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना के हार्डिंग पार्क इलाके में सड़क पर 2 फीट पानी भर गया है।

पटना के हार्डिंग पार्क इलाके में सड़क पर 2 फीट पानी भर गया है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया बनने के कारण राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बारिश होगी।

 

लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 20 से 22 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिलेगी। उत्तर बिहार और सीमावर्ती जिलों में बारिश का असर ज्यादा रहेगा। वहीं दक्षिण बिहार के जिलों में भी छिटपुट बारिश के आसार बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवा के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो-प्रेशर एरिया फिलहाल मजबूत स्थिति में है और इसका सीधा असर बिहार पर पड़ रहा है। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।