राजस्व विभाग के महाअभियान का समापन, अंतिम दिन बहादुरपुर अंचल में उमड़ी भीड़

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे महाअभियान का आज समापन हो गया। यह अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक बहादुरपुर अंचल में आयोजित किया गया था।

अभियान के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोग अपने जमीन संबंधी कागजात के सुधार एवं अन्य कार्यों हेतु आवेदन जमा करने पहुंचे। अंचल कार्यालय में तीन ऑपरेटरों की मदद से प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया गया।

शिविर में लोगों को विभिन्न प्रकार के फार्म उपलब्ध कराए गए, जिनमें—
• कागजात सुधार,
• उत्तराधिकारी प्रमाणन,
• दाखिल-खारिज,
• तथा जमाबंदी ऑनलाइन से जुड़े प्रपत्र शामिल थे।

राजस्वकर्मियों ने बताया कि जिन आवेदकों ने अंतिम दिन तक अपना आवेदन जमा नहीं कर पाए हैं, वे अब ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी आवेदन में कागजात की कमी पाई जाती है, तो उसमें सुधार हेतु आवेदक से फोन पर संपर्क किया जाएगा।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी आवेदक को असुविधा न हो, इसके लिए पूरे महाअभियान के दौरान विशेष ध्यान रखा गया। शनिवार को आयोजित अंतिम दिन के शिविर में अंचल कार्यालय पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही।