पूरे राज्य के साथ-साथ सीवान में भी गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने सेवा पखवाड़ा मनाया। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाते हुए केक काटा गया, इसके बाद युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान को बताया “महादान” भाजपा नेताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसकी जरूरत हर समय किसी न किसी को पड़ती रहती है। सड़क हादसों व गंभीर बीमारियों में कई बार ब्लड की कमी के कारण अप्रिय घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज को योगदान दिया जा रहा है।
रक्तदाताओं और स्थानीय युवाओं को भाजपा नेताओं ने प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। रक्तदान करने वाले युवाओं ने कहा कि इस पहल से उन्हें समाज के लिए कुछ करने का अवसर मिला है और वे भविष्य में भी ऐसे अभियानों से जुड़े रहेंगे। “सेवा ही संगठन” का दिया संदेश नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाना भाजपा के मूल सिद्धांत “सेवा ही संगठन” की भावना को दर्शाता है। सेवा कार्यों के जरिए ही जनता से गहरा जुड़ाव स्थापित किया जा सकता है।
शिविर में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। रक्तदान के लिए कार्यकर्ताओं की लंबी कतार इस बात की गवाही दे रही थी कि समाज के हित में भाजपा कार्यकर्ता कितने समर्पित हैं। नेताओं ने कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे, ताकि रक्त की कमी से किसी की जान न जाए और समाज में सहयोग की भावना मजबूत हो।
