कटिहार के कोढ़ा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के मधुरा वार्ड संख्या-04 से एक युवक को गिरफ्तार किया है।

 

गिरफ्तार तस्कर की पहचान छोटू साह (उम्र करीब 22 वर्ष), पिता कैलू साह के रूप में हुई है। पुलिस ने छोटू साह के घर से 15.840 किलोग्राम गांजा और 3 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि इलाके में गांजा तस्करी का धंधा संचालित किया जा रहा है।  छापेमारी से इलाके में हड़कंप सूचना की पुष्टि होने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर से भारी मात्रा में गांजा और नकदी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

 

गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है ताकि गांजे की खेप के स्रोत और उसके वितरण नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कोढ़ा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने जानकारी दी कि, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।