डीएमसीएच में बवाल: अटेंडेंस विवाद पर छात्रों का गुस्सा फूटा, प्राचार्य 5 घंटे बंधक,प्रोफेसर इंचार्ज (स्टूडेंट सेक्शन )ने अपने सभी पदों से दिया इस्तीफा,कॉलेज परिसर पुलिस छावनी में तब्दील।

दस्तक 7मीडिया ,संजय कुमार राय 

दरभंगा मेडिकल कॉलेज गुरुवार को रणक्षेत्र में बदल गया। अटेंडेंस और असेसमेंट परीक्षा में फेल होने पर यूनिवर्सिटी व इंटरनल परीक्षा से वंचित किए गए दर्जनों छात्रों ने हंगामा खड़ा कर दिया। गुस्साए छात्रों ने सुबह से डीएमसीएच की ओपीडी सेवा ठप करा दी और प्राचार्य डॉ. अलका झा को कार्यालय में करीब पांच घंटे तक बंधक बनाए रखा।

प्राचार्य कार्यालय में तोड़फोड़ हुई। स्थिति बिगड़ते देख सिटी एसपी अशोक कुमार और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद प्राचार्य को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल कॉलेज परिसर पुलिस छावनी में तब्दील है।

छात्रों के उग्र रुख से व्यथित होकर प्रोफेसर इंचार्ज (स्टूडेंट्स सेक्शन) डॉ. हरि दामोदर सिंह ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया, जिसमें एंटी रैगिंग सेल की जिम्मेदारी भी शामिल है।

सूत्रों के मुताबिक

 2021-22 बैच के दर्जनों छात्रों को कम उपस्थिति के कारण इंटरनल परीक्षा से बाहर कर दिया गया।
2023 बैच के 25 छात्र और 2024 बैच के 6 छात्र यूनिवर्सिटी परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित हैं।

यही फैसला छात्रों के गुस्से की वजह बना 

छात्रों का आरोप है कि वे बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज करते हैं, लेकिन बाद में रजिस्टर में उपस्थिति गायब दिखा दी जाती है। उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन करियर के साथ खिलवाड़ कर रहा है।