दरभंगा में सेवा पर्व अभियान 2025 का शुभारंभ,

हजार पौधों का सामूहिक रोपण, मंत्री संजय सरावगी ने छात्रों से किया अपील

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

मिथिला वन प्रमंडल, दरभंगा की ओर से मंगलवार को सेवा पर्व अभियान 2025 की शुरुआत दरभंगा अभियांत्रिकी संस्थान परिसर से की गई। अभियान का शुभारंभ राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने पौधारोपण कर किया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम में मंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने पूर्वजों और परिजनों की स्मृति में पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करें। उन्होंने कहा, “पौधे हमें जीवनदायी ऑक्सीजन देते हैं, इनके बिना जीवन संभव नहीं है। केवल पौधा लगाना ही नहीं बल्कि उसकी सुरक्षा करना भी आवश्यक है।”

इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी भास्कर चंद्र भारती ने बताया कि कृषि वानिकी योजना एवं जीविका दीदीयों के माध्यम से पंचायत स्तर पर निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

अभियान के पहले ही दिन जिले के विभिन्न परिसरों में कुल 1000 पौधे लगाए गए—सी.एम. कॉलेज (350), मिल्लत कॉलेज (200), कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय (300), उत्क्रमित मध्य विद्यालय सदर (100) और दरभंगा अभियांत्रिकी संस्थान (50)।

कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. संदीप तिवारी, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।