सुपौल जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में मंगलवार को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। बारिश के कारण मैदान में पानी और कीचड़ भर गया था। लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कीचड़ और पानी भी रोक नहीं सका। मंच पर बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण मंत्री श्रवण कुमार, सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत, कई विधायक सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुपौल विधानसभा स्तरीय इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। कीचड़ और पानी के बीच भी कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हमने जीविका योजना 2006 में शुरू की थी, आज यह बड़ी सफलता का उदाहरण बन चुकी है।

महिलाओं के खातों में पैसा

मंत्री ने कहा कि 28 लाख जीविका दीदियां अब “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। बिहार भले ही छोटा राज्य है, लेकिन यहां महिलाओं का सबसे बड़ा समूह बिहार में है। हर परिवार की एक महिला को समूह से जोड़कर आगे बढाने का काम किया गया है। इसी महीने सभी जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे।

नींद में भी विकास के बारे में सोचते है

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव की तारीफ करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि वे नींद में भी सुपौल और बिहार के विकास के बारे में सोचते हैं।

मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान भीड़ में अधिकांश संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।