कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के किनर चोला गांव में मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब कुछ लोग बारिश से बचने के लिए एक पीपल के पेड़ के नीचे खड़े थे।

मृतक की पहचान 65 वर्षीय गुपूत राम, पिता स्वर्गीय शुकर राम के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल श्री राम राम, पिता स्वर्गीय श्री चैतू राम को गांव वालों की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थाना अध्यक्ष कुमारी चंद्रप्रभा मौके पर पहुंचीं।

उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।मृतक के भतीजे उपेंद्र राम ने बताया कि उनके चाचा गुपूत राम और श्री राम राम अन्य लोगों के साथ दोपहर में खेत घूमने गए थे। अचानक बारिश शुरू होने पर वे सभी एक पीपल के पेड़ के नीचे छिप गए, तभी पेड़ पर बिजली गिर गई।इस घटना में पेड़ के नीचे छिपे चार अन्य लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।