हादसे के बाद इलाज करवाते घायल युवक.
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत कटुआ पहाड़ के समीप फोरलेन सड़क पर मंगलवार को एक मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में साइकिल सवार 25 वर्षीय धर्मेंद्र राय गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र राय सड़क पर दूर तक जा गिरे। मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।पास से गुजर रहे जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तुरंत घायल धर्मेंद्र राय को अपनी गाड़ी से उठाकर पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. गणेश खंडेलिया ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
जन सुराज के भावी प्रत्याशी घनश्याम दास, कार्यकारी सदस्य सुशील सिंह और प्रखंड अध्यक्ष धीरज चौधरी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई और अस्पताल प्रशासन से उचित इलाज सुनिश्चित करने की अपील भी की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण के उपाय और सड़क सुरक्षा के सख्त प्रबंध करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
