लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल,दरभंगा के बिरौल में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार शिक्षा परियोजना, दरभंगा के तत्वावधान में क्षेत्र की लड़कियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कराटे प्रशिक्षक लालटुन पासवान के मार्गदर्शन में, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस 24 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है, बल्कि उन्हें विपरीत परिस्थितियों में खुद का बचाव करने में भी सक्षम बनाना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से दरभंगा के कई प्रमुख विद्यालयों में शुरू हुआ है, जिनमें +2 ओंकार उच्च विद्यालय, सुपौल बाजार, +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, कहुआ और +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, डुमरी,बिरौल शामिल हैं। प्रशिक्षण के पहले दिन, मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक लालटुन पासवान ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए। उन्होंने विशेष रूप से “मनचलों और उच्चकों” से बचाव के लिए कराटे की तकनीकों पर जोर दिया। इस तरह का प्रशिक्षण लड़कियों में आत्मविश्वास पैदा करेगा और उन्हें समाज में बिना किसी डर के आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
इस सराहनीय पहल का विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने स्वागत किया है। +2 ओंकार उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ.मो. फिरोज आलम और अन्य शिक्षकों ने इस कार्यक्रम को लड़कियों के लिए बहुत ही कारगर बताया। उनका मानना है कि यह प्रशिक्षण छात्राओं को सेल्फ-डिफेंस में सक्षम बनाएगा, जिससे वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकेंगी। इसी तरह, +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक जतन कुमार और +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय कहुआ के प्रधानाध्यापक राहुल कुमार झा ने भी इस प्रयास की सराहना की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल लड़कियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाएगा, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।