दरभंगा में राजद का धरना प्रदर्शन,मंत्री जीवेश मिश्रा की गिरफ्तारी की माँग

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जनता के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने कर्पूरी चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सिंहवाड़ा थाना कांड संख्या 251/25 के तहत नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की माँग को लेकर हुआ। धरने का नेतृत्व राजद जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव ने किया। जिले के अलग-अलग हिस्सों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।लोकतंत्र का अपमान बंद करो मंत्री को गिरफ्तार करो। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि पत्रकार दिलीप सहनी ने मंत्री से जब विकास से जुड़े सवाल पूछे,तो मंत्री ने गाली दी,मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। इस घटना की एफआईआर भी दर्ज है,फिर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर यह काम कोई आम आदमी करता,तो उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया जाता।उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जीवेश मिश्रा पहले भी नकली दवा के कारोबार में दोषी पाए जा चुके हैं। साथ ही,उन्होंने गरीबों और किसानों की ज़मीन जबरन अदानी-अंबानी ग्रुप को दिलवाई और इस तरह करोड़ों की अवैध कमाई की। श्री यादव ने कहा कि जब तक पत्रकार को न्याय नहीं मिलेगा,राजद का आंदोलन जारी रहेगा। सभा को दरभंगा ग्रामीण विधायक ललित कुमार यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने अति पिछड़ा वर्ग के लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर अन्याय का विरोध करें।
पूर्व विधायक भोला यादव ने कहा कि मंत्री जनता के वोट से चुनकर आए हैं,लेकिन अब वही जनता पर हमला कर रहे हैं,जो लोकतंत्र का अपमान है।
धरने में पूर्व विधायक डॉ. फराज फातमी,पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष भोला सहनी,मिठ्ठू खेड़िया,राजीव कुशवाहा,सुभाष पासवान,लालबाबू शाह,यासमीन खातून,रंजन शाह,राकेश नायक,उमेश राय,उदय शंकर चौधरी और सभी प्रखंड अध्यक्ष सहित राजद के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभा के अंत में सभी नेताओं ने कहा कि मंत्री को उनके पद से हटाया जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई हो। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह मुख्यमंत्री के ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का मज़ाक होगा। धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। बाद में राजद प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी माँगें रखीं।


यह धरना सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि न्याय,सच्चाई और लोकतंत्र के सम्मान की आवाज़ था।