नाली निर्माण अधूरा,महीनों से घर-दुकान बंद,घायल हुआ स्थानीय निवासी,

पर्व-त्योहारों से पहले नाली निर्माण कार्य पूरा करायें  प्रशासन: बिल्टू कुमार साह की जिलाधिकारी से माँग

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा 

जिले के अलीनगर मुहल्ला अंतर्गत अलफगंज शिवधारा मोहल्ले में महीना पूर्व शुरू किया गया नाली निर्माण का कार्य स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है।स्थानीय निवासी बिल्ट कुमार साह,पिता स्व. रामचंद्र साह,वार्ड संख्या 1 ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अपनी व्यथा व्यक्त की है।

उनका कहना है कि 3 अगस्त को उनके मकान व दुकान के सामने नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया था,जो अब तक अधूरा पड़ा है। इस कारण से न केवल उनका घर व दुकान बंद है,बल्कि आने-जाने का रास्ता भी बाधित हो गया है। उन्होंने बताया कि घर के पिछवाड़े से होकर जंगल के रास्ते आना-जाना करना पड़ रहा है,जिससे हाल ही में अंधेरे में गिरने से उनके हाथ में गंभीर चोट भी आई है। बिल्ट कुमार ने ठेकेदार से कई बार आग्रह किया,लेकिन हर बार टाल-मटोल का सामना करना पड़ा। अब तो ठेकेदार ने काम पूरी तरह बंद कर फोन तक स्विच ऑफ कर दिया है। बिल्ट कुमार ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए नाली निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए,जिससे आमजन को राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यह स्थिति यदि बनी रही,तो आने वाले समय में दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ सकती है। प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की माँग की जा रही है।