दरौली मुख्यालय निवासी राजकिशोर यादव के 12 साल के बेटे प्रियांशु कुमार को घर में सोते समय सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। घर में सोते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, प्रियांशु अपने कमरे में सो रहा था और उसका हाथ खिड़की की दीवार के पास रखा हुआ था। इसी दौरान खिड़की के रास्ते एक सांप अंदर आया और उसने बच्चे के हाथ में काट लिया। प्रियांशु दर्द से तड़पते हुए जोर-जोर से रोने लगा। परिजन जब तक पास पहुंचे, सांप वहां से भाग गया।
पिता की देर और एंटीवेनम न मिलने से बढ़ा खतरा घटना की सूचना मिलने पर पिता, जो खेत में मवेशी चराने गए थे, तुरंत घर लौटने के लिए नदी पार करने लगे। नाव न मिलने पर उन्होंने तैरकर दियारा पार किया और बेटे को लेकर अस्पताल भागे। पहले बच्चे को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख उसे सदर अस्पताल रेफर किया। परिवार ने बताया कि पिता के लौटने में हुई देर और समय पर एंटीवेनम न मिलने के कारण विष तेजी से बच्चे के शरीर में फैल गया। रास्ते में ही प्रियांशु ने दम तोड़ दिया।
दरौली थाना प्रभारी अविनाश कुमार झा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मासूम को सांप ने काटा था और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रशासन से मदद की मांग गांव के लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दी जाए, ताकि परिवार को इस अपार दुख में कुछ राहत मिल सके।
