किशनगंज क्षेत्र के मेहताब पुरा गांव में पार्वती नदी में पानी भरने गई एक बालिका को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया है. पानी भरने की आहट से अचानक से मगरमच्छ ने झपट्टा मारकर उसे नदी में खींच ले गया. पास ही खेत पर काम कर रहे बालिका के परिजनों का रो-रो रोकर बुरा हाल है.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने किशनगंज पुलिस को सूचना दी सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की. इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. किशनगंज थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मेहताब पुरा निवासी शिवानी पुत्री दीनदयाल केवट उम्र 16 वर्ष अपने परिजनों के साथ नदी के पास स्थित खेत पर काम कर रही थी. प्यास लगने पर उसके परिजनों ने उसे नदी पर पानी लेने के लिए भेज दिया, जहां अचानक से उस पर मगरमच्छ ने हमला बोल दिया और उसे नदी के गहरे पानी में ले गया.
हमने एसडीआरएफ की मदद से तलाशी भी शुरू कर दी थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण फिलहाल सर्च अभियान बन्द कर दिया है. मंगलवार सुबह वापस से तलाशी शुरू की जाएगी. आपको बता दें कि सूचना मिलने पर बारा उप वन संरक्षक कार्यालय से एसीएफ नवनीत शर्मा, किशनगंज वन विभाग से क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक शर्मा मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे. किशनगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. एसडीआरएफ की टीम को सूचना देने के बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच कर करीब 3 घंटे तक तलाशी के बाद भी बालिका का कोई पता नहीं चल सका.
