अररिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन का उद्घाटन किया. 110.75 किमी लंबी यह ब्रॉड-गेज लाइन सीमांचल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का ऐतिहासिक कदम है. इसके साथ ही बिहार को पश्चिम बंगाल और नेपाल से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

वंदे भारत और अमृत भारत को दिखाई हरी झंडी : पीएम मोदी ने जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस, जोगबनी-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस और कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. अररिया कोर्ट, फारबिसगंज और जोगबनी रेलवे स्टेशन फूलों से सजाए गए थे जहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.

अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन 

कटिहार से सिलीगुड़ी की नई रफ्तार : कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस सुबह 5 बजे कटिहार से रवाना होकर 10 बजे सिलीगुड़ी पहुंचेगी और दोपहर 12:30 बजे वापसी यात्रा शुरू कर शाम 6 बजे कटिहार लौटेगी. अररिया कोर्ट स्टेशन पर उद्घाटन के दौरान एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया.

लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह : स्थानीय लोगों ने इस रेल लाइन को सीमांचल की पिछड़ेपन की कहानी को बदलने वाला बताया. यात्रा और व्यापार दोनों आसान होंगे. एक स्थानीय निवासी ने कहा, ”यह रेलवे लाइन हमारे जीवन में विकास का नया दौर लाएगी.”

दुलहन की तरह सजाया गया स्टेशन 

नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई : पीएम मोदी ने बिक्रमशिला-कटारिया नई रेल लाइन समेत कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. 4,410 करोड़ रुपये की यह परियोजना पूर्वोत्तर बिहार की पहुंच को मजबूत करेगी।

अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन का उद्घाटन 

‘चिकन नेक’ कॉरिडोर को मजबूती : रेलवे प्रशासन ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जिसमें स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुति दी. अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार के लोग इस कनेक्टिविटी से बेहद उत्साहित हैं. नई रेल लाइन न सिर्फ आर्थिक और सामाजिक एकीकरण को बढ़ावा देगी बल्कि भारत के रणनीतिक ‘चिकन नेक’ कॉरिडोर को भी और मजबूत बनाएगी.