दवाओं का कब्रगाह बना हायाघाट सीएचसी , लाखों की दवाएं कचरे में, मरीज मुफ्त इलाज को तरस रहें।स्थानीय लोंगों में आक्रोश, ट्रैक्टर पर लादकर फेंकी गई सरकारी दवाएं

दस्तक 7मीडिया ,हायाघाट /दरभंगा 

हायाघाट प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जुड़े एक बड़े लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर पर लादकर बड़ी मात्रा में सरकारी दवाओं को कचरे के ढेर में फेंक दिया गया।

 

गरीब मरीज दर-दर भटक रहे इलाज को

ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में दवा की कमी का हवाला देकर मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। इससे गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज का लाभ नहीं मिल पा रहा।

गोदाम में पड़ी रह जाती हैं दवाएं

ग्रामीणों के मुताबिक, दवाएं गोदामों में रखी रह जाती हैं और समय पर मरीजों तक नहीं पहुंच पातीं। बाद में जब दवाएं खराब हो जाती हैं तो उन्हें फेंक दिया जाता है, जिससे सरकार को लाखों रुपये की चपत लगती है।

स्वास्थ्यकर्मियों पर कमीशनखोरी और साठगांठ का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्यकर्मी जानबूझकर दवा वितरण नहीं करते। आरोप है कि निजी दवा दुकानों से साठगांठ और कमीशनखोरी के चलते सरकारी दवाएं मरीजों को नहीं दी जातीं।

प्रभारी से संपर्क नहीं हो सका

इस मामले पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हायाघाट के प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।