हिन्दी दिवस पर आयुक्त के मार्गदर्शन में वेबीनार का सफल आयोजन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

राष्ट्रीय हिन्दी दिवस के अवसर पर आयुक्त दरभंगा प्रमंडल  कौशल किशोर के निर्देशन में आयुक्त कार्यालय की ओर से पहली बार एक वेबीनार का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन राज्य भाषा उपनिदेशक सुशील कुमार मिश्र ने किया।

परिचर्चा का मुख्य विषय “सरकारी कामकाज में हिन्दी का प्रयोग” रखा गया। इसमें आयुक्त कार्यालय के सभी पदाधिकारी व कर्मी सम्मिलित हुए।

मुख्य वक्ताओं में अजीत कुमार वर्मा (सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष, हिन्दी विभाग, एल.एन. मिथिला विश्वविद्यालय), उमेश प्रसाद, मंजर सुलेमान तथा आयुक्त के सचिव  सत्येन्द्र कुमार शामिल थे।

सभी वक्ताओं ने हिन्दी के इतिहास, उसकी वर्तमान आवश्यकता और सरकारी कामकाज में इसके महत्व को विस्तार से रेखांकित किया।
राज्य भाषा उपनिदेशक श्री मिश्र ने कहा – “सरकारी कामकाज में ऐसी हिन्दी का प्रयोग होना चाहिए, जो लिखने और पढ़ने, दोनों में सरल और सहज हो। दूसरी भाषाओं के प्रचलित शब्दों को भी देवनागरी लिपि में अपनाना चाहिए।”

उन्होंने देवनागरी को सर्वश्रेष्ठ लिपि बताते हुए कहा कि यह जनता की भाषा है और आसानी से सभी को समझ में आ जाती है।

आयुक्त महोदय ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दी हमारी मातृभाषा और देश की पहचान है। उन्होंने जिलेवासियों को हिन्दी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।