दरभंगा में वासविहीन परिवारों को मिला भूमि अधिकार, 635 परिवारों को मिला पर्चा,मंत्रियों के कर-कमलों से किया गया वितरण, लाभार्थियों ने जताया आभार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा प्रेक्षागृह में रविवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिले के 635 वासविहीन परिवारों को भूमि स्वामित्व का पर्चा प्रदान किया गया। यह वितरण बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तत्वावधान में हुआ।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार, सामाजिक न्याय मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, विधायक रामचंद्र प्रसाद, मिश्री लाल यादव और मुरारी मोहन झा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य है कि हर भूमिहीन को अपनी जमीन और हर गरीब को अपना आवास मिले। उन्होंने बताया कि सदर अनुमंडल में चयनित परिवारों को पर्चा के साथ-साथ जमाबंदी भी कायम कर दी गई है, ताकि वे अब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ा जाए और बिहार के संसाधनों पर गरीबों का पहला अधिकार सुनिश्चित किया जाए।

लाभार्थियों ने पर्चा पाकर खुशी जाहिर की और कहा कि “वर्षों की मुराद पूरी हो गई”।

 किस प्रखंड में कितने परिवारों को मिला पर्चा
• सदर – 47
• बहादुरपुर – 67
• बहेड़ी – 75
• हायाघाट – 26
• हनुमाननगर – 149
• केवटी – 82
• सिंहवाड़ा – 19
• मनीगाछी – 60
• तारडीह – 55
• जाले – 55

इसमें सर्वाधिक 175 पर्चे हनुमाननगर प्रखंड के लाभार्थियों को दिए गए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर संजीत कुमार, सभी अंचलाधिकारी और सैकड़ों लाभार्थी उपस्थित थे।

यह पहल राज्य सरकार की “सभी को भूमि का अधिकार” योजना की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।