पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। कटिहार के अमदाबाद थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 12 अगस्त 2025 को रात में सूचना मिली थी कि अमदाबाद प्रशाल भवन के पीछे कुछ युवक स्मैक की अवैध तस्करी कर रहे हैं। अवर थाना प्रभारी विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में रानी बगान निवासी करण कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह है।

 

गोपालपुर का सौरभ कुमार और बबलाबन्ना निवासी मो. हसन भी शामिल हैं। मो. हसन वर्तमान में गोपालपुर पेट्रोल पंप के पास रह रहा है। तलाशी के दौरान आरोपियों से 9 पुड़िया स्मैक और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, ये तस्कर लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे। ये युवाओं को नशे की लत में फंसा रहे थे। सभी आरोपियों को थाने लाया गया। इनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नशे की रोकथाम के लिए अभियान जारी रहेगा।