महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में हिन्दी दिवस पर भव्य आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

हिन्दी सप्ताह के अवसर पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान की दोनों शाखाओं – बंगाली टोला एवं वाजिदपुर – में शनिवार को हिन्दी दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

बंगाली टोला शाखा में कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्या श्रावणी शिखा, प्रबंधक राजीव कुमार और हिन्दी विभागाध्यक्ष सरिता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि वाजिदपुर शाखा में प्राचार्य अजय झा ने शुभारंभ किया।

इस अवसर पर नर्सरी से लेकर दशम कक्षा तक के विद्यार्थियों के बीच कविता पाठ, कहानी वाचन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या श्रावणी शिखा ने हिन्दी साहित्य के जनक भारतेंदु हरिश्चन्द्र को याद करते हुए कहा कि विदेशी भाषा सीखना बुरा नहीं है, लेकिन मातृभाषा और राष्ट्रभाषा को भूलना आत्महत्या के समान है। वहीं, वाजिदपुर शाखा में प्राचार्य अजय झा ने हिन्दी को भारतीय संस्कृति का दर्पण और सभ्यता की पहचान बताया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया। नर्सरी से लेकर दसवीं तक लगभग सभी कक्षाओं से विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 9 की छात्रा आर्या सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन समन्वयक वर्तिका श्री ने किया।