गांधीजी के विचारों से सीखें स्वच्छता का महत्व: इग्नू निदेशक डॉ. संतन कुमार राम,

गोढ़ियारी गांव में इग्नू ने चलाया स्वच्छता अभियान और पेंटिंग प्रतियोगिता।

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

हनुमान नगर प्रखंड के गोढ़ियारी गांव,जिसे इग्नू (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय) के क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा ने गोद लिया है,वहाँ शनिवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सबसे पहले गांव के मध्य विद्यालय गोढ़ियारी में पढ़ने वाले बच्चों के बीच “स्वच्छता ही सेवा” विषय पर एक पेंटिंग प्रतियोगिता कराई गई। इसमें कक्षा 6,7,8 और 9 के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।प्रतियोगिता में: पहला स्थान–कक्षा 6 की ज्ञानसुकृता,दूसरा स्थान– कक्षा 7 की सृष्टि चौहान,तीसरा स्थान–कक्षा 8 के आराध्य सिंह को मिला। बाकी सभी बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संतन कुमार राम ने बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों में स्वच्छता का विशेष महत्व है। उन्होंने सभी से अपने घर,गली और मोहल्ले को साफ रखने की अपील की। कार्यक्रम में इग्नू के अधिकारी-कर्मचारी के साथ-साथ स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रभाष कुमार मिश्रा,दिग्विजय सिंह,राममूर्ति जी,विपिन सिंह और रविंद्र यादव भी मौजूद थे। इसके बाद गांव में काम करने वाली जीविका समूह की 51 महिलाओं के साथ जन जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान जीविका सीएम पूनम सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी योजनाओं और उनके कार्यों की जानकारी दी। डॉ. संतन कुमार राम ने महिलाओं से कहा कि वे अपने स्वास्थ्य,पोषण और साफ-सफाई पर ध्यान दें और प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। उन्होंने बताया कि अगर हर व्यक्ति साफ-सफाई रखे,तो समृद्ध भारत का सपना जल्दी पूरा हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में हसन चक इलाके में दुकानदारों और आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
उन्हें समझाया गया कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें,बल्कि डस्टबिन का उपयोग करें और प्लास्टिक से बचें। अंत में लक्ष्मीश्वर पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में एक सफाई अभियान भी चलाया गया। इसमें इग्नू के अधिकारी,कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।