जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी समस्याएँ, कई मामलों का त्वरित समाधान

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल समाधान कराया।

जनता दरबार में हर घर नल-जल योजना, बिजली आपूर्ति, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का निवारण समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।

मौके पर ही कई आवेदनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, सहायक नोडल आईटी कोषांग पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।