दरभंगा में बीपीएससी 71वीं परीक्षा की तैयारी पूरी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
दरभंगा में बीपीएससी 71वीं परीक्षा की तैयारी पूरी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
दरभंगा में बीपीएससी 71वीं परीक्षा की तैयारी पूरी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार (13 सितम्बर) को जिले के 39 केंद्रों पर दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित होगी। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज लहेरियासराय प्रेक्षागृह में केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग कर स्पष्ट किया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराई जाएगी।
डीएम ने साफ कहा कि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सभी अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और सघन frisking के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, व्हाइटनर, इरेज़र, ब्लेड या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री केंद्र पर प्रतिबंधित होगी। पकड़े जाने पर अभ्यर्थी पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बायोमैट्रिक और जैमर की व्यवस्था की गई है। पूरे इलाके में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी और अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल कार्रवाई करेगी। डीएम ने यह भी कहा कि परीक्षा समाप्ति से पहले किसी भी परीक्षार्थी को कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने केंद्रों को 19 जोन में विभाजित कर 39 स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है। यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों को ग्राउंड फ्लोर पर बैठने की व्यवस्था होगी।