सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में 5 दिन पहले खुले सर्राफ ज्वेलर्स नामक शोरूम से 25 लाख रुपए के ज्वेलरी चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना राघोपुर थाना से महज 500 मीटर दूर की है। वारदात के दौरान शोरूम से सारे जेवरात और CCTV के CDR तक चोर खोल ले गए।

घटना के कई घंटे बाद पहुंची राघोपुर थाने की पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी को संबंधित कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढाने के लिए थाने पर बुलाया है। सर्राफ ज्वेलर्स के संतोष स्वर्णकार ने बताया कि उन्हें सुबह 7.30 बजे घटना की जानकारी मिली। इसके बाद यहां आने पर शटर और ग्रिल टूटा हुआ पाया, शोरूम से लगभग 25-30 लाख के जेवरात की चोरी हुई है।

थानेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया

इधर, घटना को लेकर भाजपा नेता बैद्यनाथ भगत, पूर्व प्रखंड प्रमुख महेंद्र गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अन्य ने थानेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रतिनिधियों का कहना है कि थानाध्यक्ष को कई बार गश्ती बढ़ाने को कहा गया था, लेकिन उसपर उन्होंने ध्यान नहीं दिया और आज इतनी बड़ी घटना हुई है।

भाजपा नेता बैद्यनाथ मेहता ने बताया कि चुनाव का समय है, सरकार को बदनाम करने के उद्देश्य से यह घटना सुनियोजित प्रतीत हो रही है।