बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियाँ तेज़, डीईओ ने किया कोषांगों की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर दरभंगा में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में विभिन्न कोषांगों की समीक्षा बैठक की।

बैठक में वाहन कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग और बज्रगृह-सह-मतगणना कोषांग की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।

डीईओ ने निर्देश दिया कि
• निर्वाचन में लगने वाले सभी वाहनों का विधानसभा-वार सर्वेक्षण कर उनकी स्थिति सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाहन अधिग्रहित किए जाएँ।
• संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान अद्यतन की जाए। फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठकें नियमित हों ताकि मतदान शांतिपूर्ण हो।
• आदर्श आचार संहिता के पालन में कोई ढिलाई न हो, राजनीतिक दलों की गतिविधियों और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
• बज्रगृह और मतगणना स्थल पर सीसीटीवी, डबल लॉक, 24×7 निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता की जाए।

डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारीपूर्ण है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सहायक समाहर्त्ता के. परीक्षित, अपर समाहर्त्ता अनिल कुमार व राकेश रंजन, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।