भागलपुर में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल मायागंज अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसा बाईपास थाना क्षेत्र के सर्विस रोड पर हुई। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद युवक की लाश परिजन को सौंप दी गई।

मृतक युवक की पहचान सहरसा के रहने वाले अभय झा के बेटे 22 साल के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रितिक झा के रूप में, जबकि घायल युवक की पहचान 25 साल के सुमित झा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रितिक झा और सुमित झा भागलपुर के बरारी क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार रात रितिक और सुमित भागलपुर-अमरपुर सड़क मार्ग पर सर्विस रोड की ओर गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे रितिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

सुमित और रितिक के परिजन के मुताबिक उनके बच्चे देर शाम किसी काम से निकले थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी

रितिक और सुमित की बाइक के हादसे के शिकार होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद बाईपास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सुमित, रितिक को मायागंज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने रितिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुमित का तत्काल इलाज शुरू कर दिया।

सुमित ने ही पुलिस को अपने और रितिक के परिजन का नंबर और एड्रेस दिया, जिसके बाद बाईपास थाना की पुलिस ने दोनों के परिजन को कॉल कर हादसे की जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। बाईपास थानेदार प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पेशे से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर था रितिक

रितिक झा पेशे से सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर था। मृतक के पिता अभय नाथ झा ने बताया कि रितिक अपने दोस्त सुमित के साथ घर से निकला था। शाम को जब वह घर नहीं लौटा तो करीब आठ बजे पिता ने फोन किया। कुमार ने कुछ देर में घर लौटने की बात कही। रात 9 बजे जब वह घर नहीं पहुंचा तो पिता ने फिर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आधे घंटे बाद पुलिस ने कॉल कर सड़क हादसे में उनकी मौत की जानकारी दी।

बांका में होने वाली बिहार कप को लेकर दोस्तों से चर्चा करने गए थे दोनों

मृतक के पिता अभय झा ने बताया कि 15 से 20 सितंबर को बांका में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता बिहार कप को लेकर रितिक अपने दोस्तों से चर्चा करने के लिए गया था। रितिक बिहार कप में कमेंट्री और रिपोर्टिंग करने वाला था।