तरियानी गांव में लूटपाट के दौरान वृद्धा की हत्या, बेटे ने दर्ज कराया मामला

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/

कमतौल थाना क्षेत्र के तरियानी गांव में लूटपाट के दौरान एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला उजागर हुआ है। मृतका के पुत्र विभूति नारायण सिंह, जो विदेश (अबुधाबी) में नौकरी करते हैं, ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

आवेदन में बताया गया है कि उनकी वृद्ध मां अकेली गांव के मकान में रहती थीं। 25 अगस्त की रात बहन के फोन करने पर जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो नौकरानी को घर भेजा गया। वहां वृद्धा खून से लथपथ अचेत अवस्था में पलंग के नीचे पड़ी मिलीं। इलाज के लिए पारस अस्पताल, दरभंगा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अंतिम संस्कार के बाद जब परिजनों ने घर का सामान जांचा तो कई कीमती जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन गायब मिले। मोबाइल से छेड़छाड़ के भी संकेत मिले हैं। विभूति नारायण का आरोप है कि अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उनकी मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।