सुपौल के नगर पंचायत निर्मली स्थित गोकुल धाम परिसर में रविवार को लेट्स इंस्पायर बिहार के बैनर तले “युवा संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लेट्स इंस्पायर बिहार के संरक्षक और चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव पहुंचे। उनके स्वागत में स्थानीय टीम ने पाग, शॉल और मोमेंटो भेंट कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईपीएस विकास वैभव ने छात्रों और युवाओं को शिक्षा, समता और उद्यमिता के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सबसे जरूरी है इच्छाशक्ति और दृढ़ निश्चय। हर व्यक्ति के अंदर क्षमता और जज्बा होता है, बस जरूरत है सही दिशा में सतत प्रयास करने की।

युवाओं को संबोधित कर रहे वैभव।

लगन से तैयारी करने पर मिलती है सफलता

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा अथवा जीवन के कार्यक्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अध्ययन और ईमानदार प्रयास ही कुंजी है। मन में ठान लेने के बाद अगर तैयारी पूरी लगन से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है।

इस दौरान श्री वैभव ने स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया। उनके इस सम्मान से पूरे परिसर का माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के आयोजक एवं लेट्स इंस्पायर बिहार के सुपौल समन्वयक कुमार भागवत ने स्वागत भाषण में कहा कि इस तरह के आयोजन से न केवल युवाओं को मार्गदर्शन मिलता है बल्कि समाज में शिक्षा और सकारात्मक सोच को लेकर नई ऊर्जा का संचार होता है।

“युवा संवाद” कार्यक्रम में लोगों की भीड़।

युवाओं से आत्मविश्वास को अपनाने की अपील

वहीं हंसवाहिनी विद्यासागर स्कूल, निर्मली के निदेशक गौतम कुमार नागमणि ने कहा कि ऐसे संवाद से छात्र अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति गंभीर होते हैं और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं। निर्मल बाबा कंप्यूटर के संचालक ऋषि झा और इंग्लिश क्लास +2 के निदेशक पवन झा ने भी युवाओं से आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एंड हॉस्टल के प्रिंसिपल साजिद इकबाल, गोपाल झा, अशोक साह, मनोज कुमार साह, योगानंद मेहता, मुन्ना सर, पवन झा, इंद्रजीत कुमार, कृष्ण कुमार, लालू कुमार, मनोज कुमार रजक, डॉ. प्रहलाद कुमार, विजय कुमार पांडेय, राम कृष्ण यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।