समाज सेवा और जनकल्याण की नई पहल के तहत लायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से सिवान में नए क्लब “लायंस क्लब ऑफ सिवान ग्रेटर” का गठन किया गया है। गठन के बाद आयोजित एक समारोह में मोहम्मद सादिक़ को क्लब का चार्टर प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि, सिवान में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में बदलाव लाना क्लब का उद्देश्य।
इन सदस्यों को कार्यकारिणी मिली जगह
इस कार्यक्रम के दौरान क्लब की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। इसमें रूपल आनंद को वाइस प्रेसिडेंट, डॉ. मोहम्मद मुमताज़ अहमद को सेक्रेटरी, पंकज कुमार को जॉइंट सेक्रेटरी और तहसीन किबरिया को ट्रेजरार की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही छह अन्य सदस्यों को विभिन्न चेयरपर्सन के पद पर मनोनीत किया गया है।
कुल मिलाकर इस नए क्लब में 26 सदस्य शामिल हुए हैं, जो मिलकर समाज सेवा के कार्यों को गति देंगे।
नई टीम ईमानदारी और लगन से करेगी कार्य
क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट मोहम्मद सादिक़ ने कहा कि, लायंस क्लब की परंपरा हमेशा सेवा और समर्पण की रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि, नई टीम पूरी ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता सिवान के लोगों तक शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं बेहतर तरीके से पहुंचाना है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी इस मौके पर अपने विचार व्यक्त किए। और समाजहित के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मौके पर मौजूद सदस्यों ने कहा कि आने वाले समय में क्लब विभिन्न स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहायता कार्यक्रम, जागरूकता अभियान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों की शुरुआत करेगा।
समारोह में समाजसेवी, बुद्धिजीवी और युवा रहे मौजूद
समारोह में समाजसेवी, बुद्धिजीवी और युवा वर्ग के लोग शामिल हुए। सभी ने नए क्लब की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे सिवान के लिए एक सकारात्मक पहल बताया।
लायंस क्लब ऑफ सिवान ग्रेटर की टीम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस पहल में शामिल होकर सहयोग दें, ताकि मिलजुलकर सिवान को एक बेहतर दिशा दी जा सके। क्लब का उद्देश्य केवल सेवा नहीं बल्कि लोगों में जागरूकता और आत्मनिर्भरता लाना है।
