दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल,दरभंगा में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल दरभंगा में शिक्षक दिवस के मौके पर एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए केक काटा गया और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहम्मद अली असरफ शामिल हुए। उन्होंने देश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और कहा कि शिक्षक चुपचाप अपने काम से देश को मजबूत बनाने में लगे रहते हैं।

उन्होंने बताया कि आज का दिन दरभंगा के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इस मौके पर सीबीएसई के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक गांगुली भी मौजूद थे। डॉ. गांगुली ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल सम्मान का नहीं,बल्कि सोचने-समझने का भी दिन है। उन्होंने बताया कि हर शिक्षक को सक्षम और जागरूक बनाना जरूरी है। इसके लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सही तरीके से स्कूलों में लागू करना होगा। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक खुद बेहतर होंगे,तब ही बच्चे भी आत्मविश्वासी और सफल बनेंगे। कार्यक्रम में शामिल हुए केवटी के पूर्व विधायक फराज फातमी ने भी शिक्षक दिवस पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। वे न केवल ज्ञान देते हैं,बल्कि बच्चों के चरित्र,सोच और व्यवहार को भी आकार देते हैं। आज के बदलते समय में एक शिक्षक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। मैं सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ और उनके योगदान को नमन करता हूँ। विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी चटर्जी ने कहा कि हमारे शिक्षक नई शिक्षा नीति को समझ रहे हैं और इसे अपने पढ़ाने के तरीके में अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक बच्चों के जीवन को सकारात्मक रूप से बदल सकता है। हमारा प्रयास है कि हमारे शिक्षक बच्चों को न केवल अच्छी पढ़ाई दें,बल्कि उन्हें अच्छे इंसान भी बनाएं। कार्यक्रम का अंत खुशी और जोश से भरे माहौल में हुआ। सभी शिक्षकों ने इस दिन को खास बनाने के लिए मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया। स्कूल परिसर में चारों ओर उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा था।