स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान को लेकर दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण
स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान को लेकर दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण
स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान को लेकर दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से की।
इस अवसर पर 82 से 87 विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्र प्रबंधन, भौतिक सत्यापन, दिव्यांगजनों हेतु रैंप निर्माण, बिजली-पेयजल-शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मतदाता सूची सत्यापन, हेल्पलाइन 1950 के प्रचार-प्रसार तथा ईवीएम/वीवीपैट के सही उपयोग से संबंधित जानकारी देना रहा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार ने पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सभी आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र का गहन निरीक्षण किया जाए और मतदान में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान पूर्व से ही सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री रेड्डी ने सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी बताया गया कि 1200 से अधिक मतदाताओं के आधार पर बनाए गए नए मतदान केंद्रों की जानकारी मतदाताओं तक पहुँचे, इसके लिए बीएलओ के साथ बैठक और आवश्यकता पड़ने पर माइकिंग की व्यवस्था की जाए।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता के परीक्षित, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला भू अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
30 सितम्बर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी भी राजनीतिक दल का स्थायी कार्यालय न हो तथा अस्थायी कार्यालय कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही स्थापित किया जाए।