दरभंगा में प्रवर्तन अवर निरीक्षक परीक्षा को लेकर निषेधाज्ञा लागू
दस्तक 7मीडिया दरभंगा/
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ई.एस.आई.) के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारम्भिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार 07 सितम्बर को दरभंगा के पाँच परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में ली जाएगी।
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (एस.डी.ओ.) विकास कुमार ने जानकारी दी कि जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार के आदेशानुसार परीक्षा केन्द्रों पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश भा.ना.सु. संहिता 2023 की धारा-163 के तहत लागू होगा।
कड़ी पाबंदी रहेगी लागू
एस.डी.ओ. ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों के जुटने, लाठी-डंडा, धारदार हथियार, अग्नेयास्त्र या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर कड़ी रोक रहेगी। यह पाबंदी परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे से परीक्षा की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केन्द्र के अंदर परीक्षार्थियों और संबंधित व्यक्तियों को मोबाइल फोन, सेल्युलर फोन, स्मार्टवॉच तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
एस.डी.ओ. ने स्पष्ट कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि यह आदेश परीक्षा ड्यूटी में लगे पदाधिकारियों, पुलिस-बल, प्रशासन द्वारा निर्गत पासधारी व्यक्तियों, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों पर लागू नहीं होगा।