दरभंगा में लघु सिंचाई और जल निकाय गणना को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
दरभंगा में लघु सिंचाई और जल निकाय गणना को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
दरभंगा में लघु सिंचाई और जल निकाय गणना को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
सातवीं लघु सिंचाई गणना एवं द्वितीय जल निकाय गणना (संदर्भ वर्ष 2023-24) की तैयारी को लेकर शनिवार को प्रेक्षागृह दरभंगा में अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उप निदेशक सांख्यिकी दरभंगा प्रमंडल, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड व सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक समेत बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद देव ने गणना कार्य की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं मास्टर ट्रेनर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सुमीत कुमार ने लघु सिंचाई एवं जल निकाय गणना की प्रक्रिया और क्रियान्वयन की बारीकियों को विस्तार से बताया।
जानकारी के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय के अधीन जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग द्वारा प्रत्येक पाँच वर्ष पर लघु सिंचाई गणना कराई जाती है। इसकी शुरुआत वर्ष 1986-87 में हुई थी। अब सातवीं गणना के तहत जून 2024 से पहले जिले के सभी 1244 राजस्व ग्राम और नगर निकायों में कुआँ, नलकूप जैसे लघु सिंचाई साधनों की गिनती की जाएगी।
इसी के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तालाबों की गणना भी द्वितीय जल निकाय गणना के अंतर्गत की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार पूरा गणना कार्य मोबाइल एप्लिकेशन आधारित डिजिटल माध्यम से होगा।
अधिकारियों का कहना है कि यह गणना जिले में जल संसाधन और सिंचाई के मौजूदा हालात का स्पष्ट आंकड़ा उपलब्ध कराएगी, जिससे भविष्य की योजनाओं और नीतियों को मजबूत आधार मिलेगा।