कटिहार पुलिस ने एक किराना दुकान में काम करने वाले सतीश शाह हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दुकान मालिक और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी के बाद कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मृतक सतीश शाह, अयोध्यागंज बाजार में बबलू शाह की किराना दुकान पर काम करता था।
नौ दिन पहले वह दुकान गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर उसकी माँ ने कुरसेला थाने में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि दुकान मालिक बबलू शाह को सतीश पर पैसे चोरी करने का शक था। इसी विवाद में बबलू और उसके बेटे शम्भू ने सतीश की लोहे की रॉड और बिजली के तार से पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर शव को बोरे में बांधकर कोशी नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। SDRF की टीम और गोताखोर नदी से शव की तलाश कर रहे हैं।
