हनुमाननगर में शोक की लहर, नहीं रहे राजद के कद्दावर नेता सह पूर्व विधायक हरिनंदन यादव

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /हनुमाननगर 

हनुमाननगर। राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हरिनंदन यादव का शनिवार दोपहर पटना स्थित पारस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही हायाघाट व हनुमाननगर क्षेत्र में गमगीन माहौल छा गया।

ऐसे समय में, जब बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक है, उनके आकस्मिक निधन से बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद की राजनीति को गहरा धक्का लगा है।

हनुमाननगर गांव (थाना विशनपुर) निवासी हरदिलअजीज नेता हरिनंदन यादव पहली बार वर्ष 1995 में हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से जनता दल के टिकट पर विधायक बने थे। इसके बाद 2005 से 2010 तक वे राजद से विधायक निर्वाचित हुए। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए।

उनके अथक प्रयासों से हनुमाननगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय की स्थापना हुई। साथ ही, हनुमाननगर चौक पर पीएचसी और बाद में सीएचसी की स्थापना कराकर उन्होंने स्थानीय लोगों की सुविधा सुनिश्चित की। यही कारण है कि वे आम जनता के बीच सर्वसुलभ और चहेते नेता के रूप में हमेशा लोकप्रिय रहे।

वे अपने पीछे दो पुत्र—रमेश कुमार यादव एवं दिलीप कुमार यादव—के साथ पोते-पोतियों से भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजन और ग्रामीण उनका पार्थिव शरीर लाने के लिए पटना रवाना हो चुके हैं। अंतिम संस्कार पैतृक गांव में ही होगा।

उनके निधन पर राजद के प्रदेश महासचिव उदयशंकर चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दानिश अशरफ, जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद चौधरी, वरिष्ठ राजद नेता रामवृक्ष राय, भोला झा, पंचायत मुखिया रामजी राम, पूर्व सरपंच सत्यनारायण झा, पूर्व मुखिया शहनवाज ऊर्फ प्यारे, पथलू राय समेत सैकड़ों लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।